कानपुर: शराब पीने के बाद दोस्तों संग लौटे युवक की कुएं में डूबकर मौत, धक्का देने का आरोप
कानपुर के अरौल थाना क्षेत्र के हिलालपुर गांव में शुक्रवार शाम को घटी एक दुखद घटना में 28 वर्षीय युवक कौशल की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के समय युवक अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर लौट रहा था। परिजनों ने इस मामले में दोस्तों पर कौशल को धक्का देकर कुएं में गिराने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, हिलालपुर गांव निवासी कौशल पुत्र स्व. राम सिंह अविवाहित थे और खेतीबाड़ी व मजदूरी का काम करते थे। शुक्रवार शाम लगभग सात बजे गांव के ही अजय उर्फ अज्जू और मुनेश कौशल को अपने साथ ले गए थे। तीनों गांव से करीब एक किलोमीटर दूर एक ठेके पर शराब पीने गए थे।
देर रात जब वे शराब पीकर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में बृजेश कटियार के खेत में बने लगभग 70 फीट गहरे कुएं में कौशल गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साथ मौजूद दोस्तों ने कौशल को कुएं से बाहर निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
दोस्तों द्वारा घर पर सूचना दिए जाने के बाद परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह रस्सी के सहारे कौशल को कुएं से बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में कौशल ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने तुरंत ही दोस्तों अजय उर्फ अज्जू और मुनेश पर कौशल को जानबूझकर कुएं में धक्का देने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
थाना प्रभारी जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीनों युवक शराब के नशे में थे और अंधेरे के कारण कौशल अचानक रास्ते में बने कुएं में गिर गया। युवक ने दोस्तों से शोर न मचाने और उसे निकालने की बात कही थी। दोस्तों ने उसे निकालने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
