0

कैथल में विवाहिता की आत्महत्या, पति समेत चार पर केस दर्ज

By Nov 18, 2025

कैथल जिले के सीवन थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गांव कवारतन में एक विवाहिता ने घर पर पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। 35 वर्षीय मृतका किरण के दो बच्चे हैं।

इस मामले में मृतका के जींद निवासी मां मूर्ति देवी ने अपनी बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए सीवन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति राजेश, बीरभान, मंगू और प्रियंका के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बेटी किरण की शादी करीब 15 साल पहले कवारतन निवासी राजेश के साथ हुई थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनके बड़े बेटे सोनू की शादी करीब ढाई साल पहले प्रियंका के साथ हुई थी, जो कि कवारतन निवासी बीरभान की रिश्तेदार है। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही प्रियंका अपने ससुराल वालों से झगड़ा करने लगी थी और उसने मरने की कोशिश भी की थी।

शिकायत में आगे कहा गया है कि 15 नवंबर को सोनू अपनी पत्नी प्रियंका को गांव कवारतन में छोड़ गया था। इसके बाद सोनू के पास उसके जीजा राजेश का फोन आया कि यदि तुम प्रियंका को नहीं रखना चाहते तो उसे बीरभान के पास छोड़ दो। कुछ देर बाद फिर राजेश का फोन आया कि वे प्रियंका को बस में बैठाकर जींद भेज रहे हैं। राजेश ने कथित तौर पर कहा कि अगर तुम प्रियंका को नहीं बसा पाए तो तुम्हारी बहन को तुम्हारे पास भेज दूंगा और किरण को तलाक दे दूंगा।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन धमकियों और पारिवारिक कलह से परेशान होकर किरण ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मां ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी को आरोपित बीरभान, राजेश और प्रियंका द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

सीवन थाने के जांच अधिकारी शीशपाल ने बताया कि पुलिस को मिली शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू की गहराई से पड़ताल कर रही है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें