0

Iran US war: अमेरिका को बड़ा नुकसान, ईरान ने तबाह किया THAAD सिस्टम; भारत में रुका युद्धपोत

By Mar 8, 2026

ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच जंग का आठवां दिन है। इस दौरान ईरान ने सऊदी अरब, यूएई और जॉर्डन में तैनात अमेरिका के टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (THAAD) सिस्टम को निशाना बनाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हमलों में जॉर्डन के ‘मुवफ्फाक साल्टी एयर बेस’ पर लगे THAAD का रडार सिस्टम तबाह हो गया है।

THAAD सिस्टम का रडार दुश्मन की बैलिस्टिक मिसाइलों को पहचानने और ट्रैक करने का काम करता है। एक THAAD सिस्टम की कीमत ₹22 हजार करोड़ तक होती है, जबकि रडार सिस्टम की कीमत 2700 करोड़ रुपए (300 मिलियन डॉलर) तक होती है। अमेरिका के पास सिर्फ 7-8 THAAD सिस्टम ही मौजूद हैं, इसलिए इसे बड़ा सैन्य नुकसान माना जा रहा है।

भारत में रुका ईरानी युद्धपोत

ईरान का एक युद्धपोत IRIS लावन भारत के कोच्चि बंदरगाह पर रुका हुआ है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, ईरान ने 28 फरवरी को तकनीकी खराबी आने के बाद भारत से मदद मांगी थी। भारत ने 1 मार्च को जहाज को कोच्चि में डॉक करने की अनुमति दी और 4 मार्च को यह बंदरगाह पर पहुंच गया। जहाज के 183 क्रू मेंबर फिलहाल कोच्चि में भारतीय नौसेना की सुविधाओं में ठहरे हुए हैं।

यह जहाज हाल ही में भारत में आयोजित इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (IFR) 2026 और मिलान 2026 नौसैनिक अभ्यास में शामिल हुआ था। इससे पहले अमेरिका ने भारत से लौट रहे ईरानी युद्धपोत IRIS देना को श्रीलंका के पास हमला कर डुबा दिया था, जिसमें 87 ईरानी नौसैनिक मारे गए थे।

ईरान ने तेल टैंकर पर किया हमला

ईरान के इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने समुद्र में एक तेल टैंकर पर ड्रोन हमला किया है। ईरान के मुताबिक, जिस जहाज को निशाना बनाया गया उसका नाम लुईस पी है और यह मार्शल आइलैंड के झंडे के तहत चल रहा था। ईरानी सेना का कहना है कि यह जहाज अमेरिका से जुड़ा हुआ था, इसलिए इसे निशाना बनाया गया। यह घटना फारस की खाड़ी के बीच समुद्र में हुई।

एक सीनियर ईरानी अधिकारी ने CNN से कहा है कि ईरान, अमेरिका के नए ठिकानों को निशाना बनाने पर विचार कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने ईरान पर बड़ा हमला करने की धमकी दी है, इस वजह से ईरान भी नए प्लान पर विचार कर रहा है। अधिकारी ने कहा कि ईरान अब अमेरिका के उन ठिकानों और सैन्य बलों की पहचान कर रहा है, जो अभी तक उसकी टारगेट लिस्ट में नहीं हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें