सरप्राइज के नाम पर ननद की आंखों पर बांधी पट्टी, फिर चाकू-चिमटे से कर दिया लहूलुहान हमला
आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी क्षेत्र के राधा नगर में रविवार को रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। एक भाभी ने अपनी ननद को उपहार देने के बहाने कमर में ले जाकर उसकी आंखों में पट्टी और हाथों को चुनरी से बांध दिया। इसके बाद चाकू-चिमटा और कलछी से ताबड़तोड़ प्रहार करके ननद को लहूलुहान कर दिया।
ननद की चीखें सुनकर आसपास के लोग कमरे में पहुंचे और उसे खून से लथपथ फर्श पर पड़ा देख उनके होश उड़ गए। घायल ननद को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपित भाभी को हिरासत में ले लिया है।
राधा नगर निवासी गिरीश अग्रवाल के बेटे शिवांशु ने एक वर्ष पहले पूजा से प्रेम विवाह किया था। रविवार सुबह गिरीश अग्रवाल आटो लेकर चले गए थे, जबकि पत्नी संगीता बेटे शिवांशु के साथ पुत्रवधू की मौसी के घर गमी में गए थे। घर पर सिर्फ बेटी प्रिया और पुत्रवधू पूजा मौजूद थीं।
आरोप है कि सुबह नौ बजे भाभी पूजा ने प्रिया को सरप्राइज देने के बहाने अपने कमरे में बुलाया। उसकी आंखों पर चुनरी बांध दी और दोनों हाथ भी बांध दिए। इसके बाद भाभी ने प्रिया के सिर और चेहरे पर चाकू से कई वार किए। चाकू के बाद उसने चिमटा, कलछी और कन्नी से भी उस पर हमला किया।
प्रिया की चीखों को सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह दरवाजा खुलवाकर प्रिया को बाहर निकाला। गंभीर घायल हालत में प्रिया को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि आरोपित पूजा से हमले के कारणों की पूछताछ की जा रही है।
भगवान पारसनाथ के रथ पर फूलों की बारिश, भक्ति में डूबा शहर
आगरा के परिषदीय बच्चों ने किया कमाल! राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुने गए, पहली बार करेंगे हवाई यात्रा
जीआरपी के दो सिपाहियों ने टाल दी बड़ी रेल दुर्घटना, चलती ट्रेन के पहियों में लगी आग बुझाकर बचाई सैकड़ों जान
खनन माफिया की गुंडागर्दी: महिला वनकर्मी से की अभद्रता, जान बचाकर भागी टीम; 3 पर FIR
बैंक से लौट रही महिला को बनाया निशाना, टप्पेबाजी कर 10 हजार और सोने के कुंडल ठगे
आगरा: बैंक से लौट रही महिला को बनाया निशाना, टप्पेबाजी कर 10 हजार रुपये और सोने के कुंडल लूटे
‘द फैमिली मैन’ के को-स्टार की काली करतूत, वेब सीरीज की आड़ में करता था MDMA की तस्करी, आगरा पुलिस ने दबोचा
सरप्राइज के बहाने ननद पर जानलेवा हमला, भाभी ने आंखों पर पट्टी बांधकर चाकू-चिमटे से गोदा
