आईआईटी कानपुर बना टॉप-35 रैंकर्स की पसंद, ब्राइट माइंड्स स्कॉलरशिप का आकर्षण
आईआईटी कानपुर इस वर्ष जेईई एडवांस्ड के टॉप रैंकर्स के बीच खासी लोकप्रियता हासिल कर रहा है। जोसा (ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी) काउंसलिंग के पहले चरण के सीट आवंटन में, ऑल इंडिया 32वीं रैंक प्राप्त करने वाले एक मेधावी छात्र ने कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में दाखिले के लिए आईआईटी कानपुर को चुना है। यह संस्थान देश के शीर्ष तकनीकी संस्थानों में पांचवें स्थान पर आता है।
पिछले वर्षों की तुलना में, इस साल टॉप रैंकर्स की पसंद में आईआईटी कानपुर का उभरना महत्वपूर्ण है। हालांकि अधिकतर टॉपर्स की पहली पसंद कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग रही, लेकिन उन्होंने आईआईटी बॉम्बे और दिल्ली को भी प्राथमिकता दी। इस साल ऑल इंडिया 32वीं रैंक वाले छात्र के चयन ने संस्थान की प्रतिष्ठा को और बढ़ाया है।
आईआईटी कानपुर टॉप-100 रैंकर्स के लिए ‘ब्राइट माइंड्स स्कॉलरशिप’ भी प्रदान कर रहा है। इस स्कॉलरशिप के तहत चयनित छात्रों को प्रति वर्ष तीन लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी, बशर्ते वे प्रत्येक सेमेस्टर में 8.0 सीपीआई बनाए रखें। यह स्कॉलरशिप 2022 में शुरू की गई थी, लेकिन 2022 से 2025 तक किसी भी टॉप-100 रैंकर्स छात्र ने इसका लाभ नहीं उठाया था। इस वर्ष टॉप-100 रैंकर्स के प्रवेश की उम्मीद जगी है।
