0

लखनऊ में गुंडागर्दी की हदें पार! कैंटीन में बैठे ग्राहक को 20 से ज्यादा लड़कों ने बेरहमी से पीटा, हवाई फायरिंग से मची दहशत?

By Dec 8, 2025

लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में रईसजादों की गुंडागर्दी का एक खौफनाक मामला सामने आया है। रुपयों के मामूली विवाद में 20 से अधिक लड़कों ने एक कैंटीन में बैठे ग्राहक को न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि हवाई फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया। यह पूरी वारदात गोमती नगर जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार के पास हुई, जिसने लोगों को हिलाकर रख दिया है।

जानकारी के अनुसार, पांच लग्जरी कारों से पहुंचे इन 20 से ज्यादा रईसजादों ने कैंटीन में बैठे एक ग्राहक को खींचकर सड़क पर लाए और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। जब कैंटीन संचालक अनूप यादव और उनके भाई आशुतोष ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और पीट डाला।

इस दौरान हमलावरों में से किसी ने असलहा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से पार्क और आसपास अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैंटीन हटवाने और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित अनूप यादव, जिनका विकासखंड-5 स्थित ग्वारी में जनेश्वर मिश्र गेट नंबर-4 के पास फूड स्टॉल है, ने बताया कि 22 नवंबर की शाम करीब पांच बजे यह घटना हुई। कुछ देर पहले रुपयों को लेकर हुए विवाद में ग्राहक ने कुछ बोल दिया था, जिसके बाद हमलावर उनकी दुकान में घुस गए।

डायल-112 पर सूचना मिलते ही गोमतीनगर विस्तार पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पीड़ित अनूप ने 25 नवंबर को गोमतीनगर विस्तार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने एक गाड़ी का नंबर भी दिया है। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद शुक्रवार को अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि गाड़ी नंबर की मदद से आरोपितों की तलाश की जा रही है और इसके लिए आरटीओ से जानकारी मांगी गई है। इस घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें