हाथीपुर हत्याकांड: गोलू के परिवार को न्याय कब? पुलिस की धीमी जांच पर सवाल
महाराजपुर के हाथीपुर गांव में युवक गोलू सिंह की हत्या के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है, लेकिन दो मुख्य आरोपी इशाक और नवीन अपने घरों में ताला लगाकर फरार हो गए हैं।
पुलिस की इस धीमी जांच से मृतक गोलू के परिजन बेहद नाराज हैं। गोलू के भाई कुलदीप ने चेतावनी दी है कि यदि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो परिवार सहित सड़क पर उतरकर आत्महत्या कर ली जाएगी। गोलू सिंह की हत्या कर शव को हाईवे किनारे फेंक दिया गया था। मां प्रेमा द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में गांव के इशाक, नवीन और छोटे पासवान को नामजद किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में गोलू को सोमवार रात शराब ठेके से अकेले निकलते देखा गया है। वहीं, गांव में यह भी चर्चा है कि बकरीद के दिन गोलू का किसी मुस्लिम युवक से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से वह युवक भी फरार है। पुलिस उस युवक के पिता और बहनोई से पूछताछ कर रही है। एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस मामले में एसओ महाराजपुर राजेश कुमार को आलाधिकारियों ने गलत और देर से सूचना देने के लिए फटकार लगाई है। अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था विपिन ताडा ने भी लापरवाही को स्वीकार किया है और कहा है कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी पहली प्राथमिकता है।
