शादी में हर्ष फायरिंग के लिए खरीदी पिस्टल, विवाद के बाद दोस्त को ही मार दी गोली
चंदौली के रामगढ़ निवासी आकाश यादव लखनऊ स्थित इंस्टीट्यूट से बीटेक कर रहा है। रविवार को उसकी बहन की शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए उसके दोस्त लखनऊ से ट्रेन में सवार होकर शिवपुर स्टेशन पहुंचे। उन्हें घर ले जाने के लिए आकाश स्कार्पियो लेकर पहुंचा। कार में सवार कुशीनगर के राजपुर बगहा निवासी सोनू सिंह को रास्ते में गोली लग गई। इससे दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई।
आकाश व बस्ती जिले के रहने वाले अखिल पांडेय उसे लेकर मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल में इलाज कराने पहुंचे। इसकी भनक रोडवेज पुलिस चौकी को लग गई। सूचना पर सारनाथ पुलिस ने हसनपुर–सिंहपुर अंडरपास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आकाश यादव ने बताया कि बहन की शादी में हर्ष फायरिंग करने के लिए गाजीपुर के मयंक यादव से 25 हजार रुपये में पिस्टल खरीदा था।
आकाश ने बताया कि वह कार में इसे लेकर दोस्तों को लेने पहुंचा था। भोर में तीन बजे लौटते समय हसनपुर–सिंहपुर अंडरपास के पास मामूली विवाद में सोनू सिंह को गोली मार दी। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने नसिंहपुर हसनपुर गांव के पास फेंकी गई देशी पिस्टल बरामद किया। घटना में फरार दो आरोपितों की तलाश की जा रही है।
