हरिद्वार: बिरयानी ठेले के विवाद में महिला की अंगुली तोड़ी, पड़ोसी दुकानदार पर गंभीर आरोप
हरिद्वार के सिडकुल में बिरयानी के ठेले को लेकर एक महिला और पड़ोसी दुकानदार के बीच कंपटीशियन के चलते झगड़ा हो गया। महिला ने आरोप लगाया कि पड़ोसी दुकानदार ने अपने स्वजनों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी अंगुली में फ्रैक्चर आ गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, अंजलि मिश्रा निवासी रोशनाबाद ने तहरीर देकर बताया कि वह रोशनाबाद कचहरी के बाहर चौराहे पर वेज बिरयानी की अस्थाई दुकान लगाती है। उनकी दुकान के पास ही राजू निवासी नवोदय नगर भी वेज बिरयानी की दुकान चलाता है। इसी कारण राजू उनसे रंजिश रखता है।
महिला ने आरोप लगाया कि चार नवंबर की दोपहर वह अपनी दुकान पर काम कर रही थी। तभी राजू ने गालियां देनी शुरू कर दीं और बाहरी लड़कों से गंदे कमेंट भी कराए। राजू ने ग्राहकों से यह भी कहा कि महिला अपने खाने में मूत्र मिलाती है। महिला ने विरोध किया तो राजू व उसके भाई राहुल, कपिल व पिंकी ने गाली-गलौज व मारपीट कर दी।
मारपीट में महिला के दाएं हाथ की अंगुली पर चोट आई और अंगुली में फ्रैक्चर हो गया। आरोपितों ने ठेली हठवाने की धमकी देते हुए आपत्तिजनक बातें कहीं और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। पीड़िता ने आरोपितों से जान का खतरा जताया है। सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
