गुरुग्राम: नाबालिग की कार से कुचला सात साल का बच्चा, पिता पर लापरवाही का केस दर्ज
गुरुग्राम के भोंडसी थाना क्षेत्र के कृष्ण कुंज में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना में सात वर्षीय युहान की कार से कुचलकर मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब एक नाबालिग किशोर कार चलाना सीख रहा था और उसने नियंत्रण खो दिया। पुलिस ने इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में किशोर के पिता को आरोपी बनाया है।
सूत्रों के अनुसार, 21 नवंबर को शाम के समय, कार चला रहा किशोर अपने पिता के साथ था, तभी उसने गली में जा रहे युहान को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा कार के बोनट में फंस गया और करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उस समय कार में किशोर के अलावा एक अन्य नाबालिग भी मौजूद था, जो हादसे के बाद फरार हो गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि जिस कार से यह हादसा हुआ, वह किशोर के चाचा के नाम पर है। चाचा ने चार महीने पहले ही यह कार किशोर के पिता को दी थी और कार घर के बाहर खड़ी रहती थी। पुलिस ने कार की उचित देखरेख न करने और नाबालिग को चलाने की अनुमति देने के लिए पिता को जिम्मेदार ठहराया है। इसी लापरवाही के चलते एफआईआर में पिता का नाम भी शामिल किया गया है और पुलिस जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करेगी।
इस बीच, युहान के परिवारजनों ने मामले में पुलिस पर सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि जब वे बच्चे के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी एक पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचा और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली। जब उन्हें फुटेज दिखाई गई तो वह स्पष्ट नहीं थी। परिवार ने पुलिस अधिकारियों से इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। मामले में जुविनाइल जस्टिस बोर्ड में रिपोर्ट सौंपी गई है और कोर्ट के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
