गंजडुंडवारा में बारहसिंघा की दस्तक, आबादी इलाके में मची अफरा-तफरी
कस्बे के गंजडुंडवारा के कादरगंज रोड पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बारहसिंघा आबादी वाले इलाके में घुस आया। अचानक बारहसिंघा को अपने आसपास देखकर लोग भयभीत हो गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। गलियों में खेल रहे बच्चों को तुरंत घरों के अंदर बुला लिया गया। लोगों ने बारहसिंघा पर अपनी नजरें बनाए रखीं, वहीं कुछ लोगों ने इस घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया।
आबादी इलाके में वन्यजीव के घुसने की खबर फैलते ही स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने तत्काल क्षेत्र को घेरकर सुरक्षित कर लिया ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या जीव को नुकसान न पहुंचे। वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बारहसिंघा का सफल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
पटियाली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी यतिन सिंह ने इस घटना पर जानकारी देते हुए बताया कि कभी-कभी वन्यजीव अपने झुंड से भटक जाते हैं और अनजाने में रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि बारहसिंघा को सुरक्षित बचा लिया गया है। टीम द्वारा जीव का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास, यानी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा।
