गाजियाबाद में GDA का बुलडोजर गरजा, 50 बीघा अवैध कॉलोनी ध्वस्त
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने मुरादनगर क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने करीब 50 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों और अनाधिकृत निर्माणों को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
प्रवर्तन जोन दो की टीम ने गांव बसंतपुर सैंतली, नबीपुर, पाइपलाइन रोड और नवीपुर बंबा रोड जैसे इलाकों में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इन जगहों पर बिना किसी स्वीकृत मानचित्र के मिट्टी भराई, सड़क निर्माण, बाउंड्रीवाल और साइट ऑफिस का निर्माण कार्य चल रहा था। प्राधिकरण ने इन सभी अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया।
सूत्रों के अनुसार, खसरा संख्या 555 ग्राम बसंतपुर सैतली में करीब आठ हजार वर्ग मीटर में सड़क व दीवार निर्माण, खसरा संख्या 27 गांव नबीपुर पाइपलाइन रोड में 10 हजार वर्ग मीटर में मिट्टी भराई और सड़क निर्माण, तथा खसरा संख्या 20 में नवीपुर बंबा रोड दुहाई में करीब 20 हजार वर्ग मीटर में सड़क के लिए मिट्टी भराई, चारदीवारी और साइट ऑफिस निर्माण को ध्वस्त किया गया।
इस दौरान, जब कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश की, तो पुलिस बल की मदद से उन्हें मौके से हटाया गया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। यह अभियान आम जनता को अवैध कॉलोनियों के जाल से बचाने और सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
