नोरा फतेही के ‘सरके चुनर’ गाने पर फतवा जारी, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी किया तलब
बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही इन दिनों ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने को लेकर विवादों का सामना कर रही हैं। गाने के रिलीज होने के बाद से ही यह सुर्खियों में है और इसके कथित अश्लील बोल के कारण विरोध भी हो रहा है। इस बीच, मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के दारुल इफ्ता ने अभिनेत्री के खिलाफ फतवा जारी कर दिया है।
फिल्म “केडी: द डेविल” का यह गाना हाल ही में यूट्यूब पर रिलीज हुआ था, लेकिन विवादों के चलते इसे हटा दिया गया। फिल्म 30 अप्रैल को रिलीज होने वाली है। गाने में नजर आईं फतेही और गीतकार आलम, जिन्होंने मूल कन्नड़ गाने का हिंदी अनुवाद किया है, दोनों ने खुद को विवाद से अलग कर लिया है। फतेही ने कहा कि उन्होंने कन्नड़ संस्करण तीन साल पहले रिकॉर्ड किया था और हिंदी संस्करण को लेकर उन्होंने निर्माताओं के समक्ष आपत्ति जताई थी। वहीं, आलम ने भी निर्माताओं को चेतावनी दी थी कि हिंदी बोल अश्लील हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने भी “सरके चुनर” गाने में अश्लीलता और अभद्रता के आरोपों को लेकर अभिनेत्री नोरा फतेही, अभिनेता संजय दत्त और अन्य को तलब किया है। आयोग ने कहा कि प्रथम दृष्टया सामग्री आपत्तिजनक और भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाली प्रतीत होती है। आयोग ने अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए, ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गीत में अश्लीलता और अभद्रता के आरोपों का स्वतः संज्ञान लिया है।
एनसीडब्ल्यू ने गीतकार रकीब आलम, केवीएन ग्रुप के निर्माता वेंकट के नारायण और किरण कुमार को भी 24 मार्च को आयोग के समक्ष पेश होने के लिए तलब किया है। आयोग ने कहा कि उन्हें संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। पेश न होने पर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जा सकती है। इस विवाद का असर सार्वजनिक रूप से महिलाओं के चित्रण और कलात्मक अभिव्यक्ति की सीमाओं पर बहस को तेज कर सकता है।
