आगरा में बारिश का कोटा पूरा होने की उम्मीद, अगस्त की अच्छी शुरुआत से राहत
आगरा में जुलाई महीने में सामान्य से चार प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। सामान्यतः जुलाई में 184.7 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इस बार केवल 176.6 एमएम बारिश हुई। यह स्थिति पिछले चार वर्षों के विपरीत है, जब जुलाई में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की जा रही थी।
मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक जून से 3 अगस्त तक आगरा में सामान्य से 10 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। हालांकि, अगस्त माह की शुरुआत अच्छी वर्षा के साथ हुई है। दो और तीन अगस्त को विभिन्न क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि चार अगस्त को पूरे शहर में सुबह से ही झमाझम बारिश हुई, जिससे कई जगहों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
आगरा में वर्षा का वार्षिक औसत लगभग 750 एमएम है। मानसून का समय जून के अंतिम सप्ताह से सितंबर के मध्य तक माना जाता है। इस वर्ष जून के अंतिम सप्ताह में ही मानसून ने दस्तक दे दी थी। जून में 59.8 एमएम, जुलाई में 176.6 एमएम और अगस्त में अब तक 6.1 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सामान्य से 19 प्रतिशत अधिक या 19 प्रतिशत कम वर्षा को सामान्य वर्षा की श्रेणी में रखा जाता है। इस मापदंड के अनुसार, आगरा में जून से अब तक हुई वर्षा सामान्य मानी जा सकती है। आगामी तीन से चार दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है, जिससे शहरवासियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
