स्मार्ट मीटर रिचार्ज के बाद भी बिजली गुल, अलीगढ़ में उपभोक्ताओं को ‘स्मार्ट’ परेशानी
अलीगढ़ में प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का सबब बन गई है। ऑनलाइन रिचार्ज करने के बावजूद मीटर का बैलेंस समय पर अपडेट नहीं हो रहा है, जिसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि यूपीपीसीएल के कंज्यूमर ऐप से भुगतान करने और खाते से पैसे कटने के बावजूद मीटर में बैलेंस नहीं दिखता। कई बार बैलेंस अपडेट न होने के कारण बिजली काट दी जाती है, जिससे लोगों को अनावश्यक दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
यह समस्या खासकर रविवार को गंभीर हो जाती है। उपभोक्ताओं के अनुसार, सप्ताह में केवल छह दिन ही बैलेंस अपडेट होता है, जबकि रविवार को ऐप पर न तो बैलेंस की जानकारी मिलती है और न ही खपत का विवरण। ऐसे में, यदि बैलेंस 10 रुपये से नीचे चला जाए या माइनस में पहुंच जाए, तो तुरंत बिजली कनेक्शन काट दिया जाता है। इससे समय पर रिचार्ज करने वाले उपभोक्ता भी अंधेरे में रहने को मजबूर हो जाते हैं। रात के समय अचानक बिजली कटने की शिकायतें आम हैं।
ऊर्जा विभाग के कार्यवाहक चीफ इंजीनियर अंशुमान यादव ने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं का बैलेंस मोबाइल ऐप पर प्रतिदिन अपडेट होता है। कुछ मामलों में तकनीकी दिक्कतें रही होंगी, लेकिन ऐसी शिकायतें काफी कम हुई हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवकाश के दिन डिस्कनेक्शन नहीं किया जा रहा है और उपभोक्ताओं को समय-समय पर जानकारी दी जा रही है। हालांकि, उपभोक्ताओं की मांग है कि सिस्टम को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए या बैलेंस अपडेट होने तक सप्लाई बाधित न की जाए।
