मंडलायुक्त ने दी चेतावनी: वित्तीय वर्ष के अंत में अनुचित भुगतान बर्दाश्त नहीं (Aligarh news)
अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अलीगढ़, एटा, हाथरस और कासगंज के जिलाधिकारियों को बजट की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति के दौरान अनुचित भुगतान या कमीशन लेने की शिकायतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
मंडलायुक्त ने एटा में आंगनबाड़ी भर्ती प्रकरण में सीडीओ के निलंबन का उदाहरण देते हुए सभी अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी विभाग में वित्तीय गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि बिजली उपभोक्ताओं को बिल भुगतान और कनेक्शन बहाली में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विभागीय पोर्टल पर भौतिक और वित्तीय प्रगति को समयबद्ध तरीके से अपलोड करने पर जोर दिया ताकि मंडल की रैंकिंग में सुधार हो सके।
आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान लंबित प्रकरणों और असंतुष्ट फीडबैक पर चिंता व्यक्त की गई। मंडलायुक्त ने शिकायतों के निस्तारण में साक्ष्य अपलोड कर गुणवत्तापरक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, गेहूं खरीद और भंडारण की तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए ताकि किसानों को असुविधा न हो। मंडला। आयुष्मान योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।
