अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर 18वें दिन भी प्रदर्शन जारी | aligarh news
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर चल रहा विद्यार्थियों का आंदोलन लगातार गहराता जा रहा है। गुरुवार को धरने का 18वां दिन है और इस दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय के दो प्रमुख गेट बंद कर दिए हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। करीब आठ वर्षों से छात्रसंघ चुनाव न होने से नाराज छात्र इस बार आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं। उनका साफ कहना है कि जब तक चुनाव की तारीख घोषित नहीं होती और मुख्य चुनाव अधिकारी की नियुक्ति नहीं की जाती, आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
इस बीच, धरने पर बैठे suspended छात्र यासिर फहद की भूख हड़ताल लगातार जारी है, जिससे उसकी सेहत बिगड़ती जा रही है। स्वास्थ्य बिगड़ने के बावजूद छात्रों ने उसे अस्पताल ले जाने से रोक दिया, जिससे प्रशासनिक अधिकारियों की चिंताएं बढ़ गई हैं। हालांकि, स्थिति को संभालने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए फिर से बुलाया है, लेकिन बुधवार को हुई वार्ता बेनतीजा रही थी क्योंकि प्रशासन ने चुनाव पर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया।
इस बढ़ते गतिरोध का सीधा असर आगामी 17 अक्टूबर को होने वाले ऐतिहासिक ‘सर सैयद दिवस’ समारोह पर पड़ता दिख रहा है। विरोध प्रदर्शन और हंगामे के कारण इस बड़े आयोजन की तैयारियां अब तक शुरू नहीं हो पाई हैं। छात्रों ने पहले ही चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे सर सैयद दिवस का बहिष्कार करेंगे। इस स्थिति से न केवल शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है, बल्कि विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए भी एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
