दिल्ली: अलीपुर में नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1500 लीटर घी और 55 लीटर एसेंस बरामद
दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र के खेड़ा कलां गांव में बाहरी-उत्तरी दिल्ली जिला पुलिस ने एक बड़े नकली घी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने फैक्ट्री से 1500 लीटर नकली घी और 55 लीटर देसी घी का एसेंस जब्त किया है। यह नकली घी नामी कंपनियों की पैकिंग में भरकर दिल्ली और आसपास के राज्यों में बेचा जा रहा था।
जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट इंवेस्टीगेशन यूनिट (डीआइयू) को मंगलवार को सूचना मिली थी कि खेड़ा कलां गांव में बंसल एग्रो फूड इंडस्ट्रीज नामक एक फैक्ट्री में नकली देसी घी बनाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एफएसएसआई (भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण) के अधिकारियों के साथ मिलकर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान, विभिन्न ब्रांडों जैसे एनटीसी ईआरटीएच, वैदिक देसी घी, गो अमृत, नामदेव, एनटीसी सरस गोल्ड और एनएस नादान सरस के नाम से पैक किए गए नकली घी बरामद किए गए। फैक्ट्री संचालक ज्ञानेंद्र सिंह (संत नगर, बुराड़ी निवासी) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी 1995 से यह धंधा कर रहा था और 2014 से खेड़ा कलां में यह फैक्ट्री चला रहा था। एफएसएसआई अधिकारियों ने नकली घी के सैंपल भी एकत्र किए हैं।
