0

दहेज के लिए विवाहिता की निर्मम हत्या, शव बोरे में भरकर नदी में फेंका

By Nov 24, 2025

पश्चिमी चंपारण के मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के हजमा टोला गांव में दहेज की क्रूरता का एक और मामला सामने आया है। यहां सुनीता देवी नामक 25 वर्षीय विवाहिता की उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को एक बोरे में बांधकर हरपतबेनी नदी में फेंक दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और छानबीन के दौरान हरपतबेनी नदी के दक्षिणी हिस्से से सुनीता का शव बरामद किया। मृतका के पिता, नगीना पटेल, जो कुमारबाग थाने के कुडवा मठिया के निवासी हैं, ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप ससुराल वालों पर लगाया है। उनके अनुसार, सुनीता के पति राजकुमार पटेल और उसके परिवार वाले शादी के बाद से ही लगातार दो लाख रुपये नकद और एक बाइक की मांग कर रहे थे।

पिता ने बताया कि पांच साल पहले उनकी बेटी सुनीता की शादी हजमाटोला गांव निवासी व्यास पटेल के पुत्र राजकुमार पटेल से हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर सुनीता का उत्पीड़न किया जा रहा था और कई बार उसके साथ मारपीट भी हुई। 23 नवंबर को उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। खोजबीन के बाद पता चला कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी और शव को नदी में फेंक दिया।

घटना के बाद से ही आरोपी ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने मृतका के पिता द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मैनाटांड थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दर्ज मामले में मृतका के पति राजकुमार पटेल, ससुर व्यास पटेल, सास सीता देवी समेत कुल 11 लोगों को नामजद किया गया है।

थानाध्यक्ष शंभूशरण गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव को गवर्नमेंट मेडिकल हॉस्पिटल बेतिया भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें