आगरा में शीतलहर का अलर्ट: पशुओं को ठंड से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी, पशुपालक करें ये उपाय
आगरा में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिसके चलते पशुओं की देखभाल को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डीके पांडेय ने पशुपालकों को आगाह किया है कि शीतलहर के दौरान पशुओं के शरीर का तापमान कम होने से दुग्ध उत्पादन में कमी आ सकती है और प्रजनन क्षमता प्रभावित हो सकती है। गंभीर मामलों में पशुओं की मृत्यु भी हो सकती है।
पशुओं को ठंड से बचाने के लिए पशुपालकों को कई महत्वपूर्ण उपाय करने की सलाह दी गई है। रात के समय पशु आवास को चारों तरफ से ढककर रखें ताकि ठंडी हवा अंदर न आए। पशुओं को गर्म कपड़े या जूट के बोरे से ढकें। नवजात शिशुओं को खीस और कोलेस्ट्रम पिलाना सुनिश्चित करें।
आहार में बदलाव करते हुए संतुलित आहार की मात्रा बढ़ाएं। इसमें गन्ने का चारा, हरा चारा के साथ भूसा-पराली, सरसों-मूंगफली की खल और गुड़ शामिल करें। पशुओं को ताजा या गुनगुना पानी पिलाएं। दिन के समय पशुओं को धूप में बांधें और सूर्य प्रकाश वाले शेड का उपयोग करें। यदि पशु आवास में अलाव जलाया जाता है, तो रोशनदान खोलकर धुआं बाहर निकालना आवश्यक है। फर्श को सूखा रखें और पुआल या भूसा बिछाएं। बीमारी होने पर नजदीकी पशु चिकित्सालय या 1962 पर संपर्क करें।
