हरियाणा में ठंड का सितम जारी, स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं, अब 19 को खुलेंगे
हरियाणा सरकार ने कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के प्रकोप को देखते हुए राज्य के सभी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश को बढ़ा दिया है। पहले यह अवकाश 15 जनवरी तक था, जिसे अब बढ़ाकर 17 जनवरी कर दिया गया है। इस निर्णय से छात्रों को ठंड से थोड़ी और राहत मिलेगी, हालांकि प्रैक्टिकल के लिए 10वीं और 12वीं के छात्रों को स्कूल बुलाया जा सकता है।
राज्य में पिछले कई दिनों से न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के करीब बना हुआ है और धूप भी नदारद है। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने गुरुवार को एक पत्र जारी कर सभी स्कूलों में अवकाश की अवधि को 17 जनवरी तक बढ़ाने का आदेश दिया है। इसके अनुसार, प्रदेश के सभी स्कूल अब 19 जनवरी से पहले की तरह सामान्य रूप से संचालित होंगे।
निदेशालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस बढ़े हुए अवकाश के दौरान भी, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) और इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (आईसीएसई) के निर्देशों के अनुसार, कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए स्कूल में उपस्थित होने की अनुमति होगी। यह कदम छात्रों की शैक्षणिक गतिविधियों को जारी रखने के लिए उठाया गया है।
