आगरा में दोस्ती का कड़वा सच: नकली फोटो से 15 लड़कियों के रिश्ते तुड़वाए, Agra crime news
मोहब्बत की नगरी आगरा में दोस्ती के नाम पर धोखे का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने कई युवतियों की जिंदगी तबाह कर दी है। पिछले छह महीनों में 15 युवतियों की शादी सिर्फ इसलिए टूट गई क्योंकि उनके कथित ‘सबसे अच्छे दोस्त’ ने विश्वासघात किया। इन दोस्तों ने युवतियों की निजी तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल कर उन्हें होने वाले ससुराल में बदनाम किया, जिससे रिश्ते तय होने के बाद बारात आने से पहले ही टूट गए। पुलिस ने ऐसे 10 मामलों में धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं।
आगरा पुलिस की कमिश्नरेट में महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई। जांच में पता चला कि जिन युवकों पर आरोप लगे हैं, उन्होंने युवतियों की मर्जी से ली गई तस्वीरों और वीडियो का गलत इस्तेमाल किया। कई मामलों में युवकों ने दोस्ती के दौरान हुई चैट, वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट और निजी पलों की तस्वीरों का इस्तेमाल कर युवतियों को ब्लैकमेल किया और उनके होने वाले पतियों व ससुराल वालों को भेजकर रिश्ता तुड़वाया। कुछ मामलों में होटल में ले जाकर जबरन गलत काम करने के आरोप भी लगे, हालांकि पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवतियां अपनी मर्जी से गई थीं।
एक युवती की शिकायत पर डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ऐसे सभी मुकदमों की समीक्षा के आदेश दिए। पता चला कि आरोपी दोस्त न तो खुद शादी कर रहे थे और न ही पीछा छोड़ रहे थे। वे युवतियों को बदनाम करने की धमकी देकर लगातार परेशान कर रहे थे। आरोपियों को युवतियों के रिश्ते की जानकारी अक्सर उनकी सहेलियों या सोशल मीडिया से मिलती थी, जिसके बाद वे मंगेतर को ढूंढकर उन्हें व्यक्तिगत संदेश भेजते थे और रिश्ता तुड़वाने की कोशिश करते थे। इस तरह के अपराधों से युवतियों की सामाजिक प्रतिष्ठा पर गहरा असर पड़ रहा है, जिससे वे मानसिक तनाव से गुजर रही हैं।
