भ्रष्टाचार के आरोपों पर बड़ा बयान: माफी मिली तो भी राजनीति नहीं छोड़ेंगे इजरायल के PM नेतन्याहू
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भ्रष्टाचार के आरोपों में माफी मिलने के बाद राजनीति से संन्यास लेने की अफवाहों को खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहेंगे। नेतन्याहू ने कहा कि अगर उन्हें भ्रष्टाचार मामलों से राष्ट्रपति की ओर से माफी मिल जाती है, इसके बाद भी वह राजनीति नहीं छोड़ेंगे।
नेतन्याहू ने गाजा में शांति योजना के दूसरे चरण पर भी बात की। उन्होंने कहा कि वह इसी महीने के अंत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से इस बारे में वार्ता करेंगे। शांति योजना के तहत गाजा में युद्धविराम 10 अक्टूबर को लागू हुआ था। इजरायल की यात्रा पर गए जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने भी शांति योजना के दूसरे चरण को लागू करने पर जोर दिया और ट्रंप से वार्ता करने के बारे में कहा है।
एक प्रश्न के उत्तर में नेतन्याहू ने वेस्ट बैंक को इजरायल में मिलाने के मसले पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि यह मसला अभी चर्चा के दौर में है और सरकार ने अभी इस पर अंतिम निर्णय नहीं लिया है। फलस्तीनी बहुल वेस्ट बैंक के कब्जे की इजरायली योजना के सार्वजनिक हो जाने पर विश्व भर में कड़ा विरोध जताया गया था।
