Payal Gaming deepfake मामले में बड़ा एक्शन, महाराष्ट्र साइबर पुलिस में दर्ज कराई FIR
भारत की शीर्ष गेमिंग हस्तियों में से एक पायल गेमिंग (Payal Gaming) पिछले कुछ समय से सुर्खियों में हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक डीपफेक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि यह वीडियो पायल का है। हालांकि, पायल ने तुरंत स्पष्ट किया कि यह वीडियो AI-जनरेटेड डीपफेक है और उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। लंबे समय तक चुप्पी साधने के बाद, पायल ने इस मामले पर खुलकर बात की और अपने सोशल मीडिया हैंडल X (पूर्व में ट्विटर) पर सच्चाई बताई।
19 दिसंबर, 2025 को पायल गेमिंग ने अपने X अकाउंट पर बताया कि उन्होंने महाराष्ट्र साइबर पुलिस में इस मामले को लेकर FIR दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी FIR की कॉपी भी साझा की, जिसमें कहा गया कि यह शिकायत उनके नाम पर वायरल हो रहे डीपफेक वीडियो के संबंध में दर्ज की गई है। उन्होंने लिखा, “आज, मैंने श्री यशस्वी यादव (IPS), अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और महाराष्ट्र साइबर विभाग के प्रमुख से मुलाकात की। मैं महाराष्ट्र साइबर विभाग द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई, व्यावसायिकता और सहज समर्थन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं।”
इससे पहले, 17 दिसंबर, 2025 को पायल ने एक विस्तृत पत्र प्रकाशित किया था, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया था कि वायरल वीडियो में दिख रही लड़की वह नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उन्हें अपने जीवन के बारे में इतनी परेशान करने वाली और सार्वजनिक घोषणा करनी पड़ेगी। पायल ने इस वीडियो की कड़ी निंदा की और कहा कि इसका उनके जीवन, उनके विकल्पों या उनकी पहचान से कोई संबंध नहीं है।
पायल ने यह भी बताया कि इस पूरी घटना ने न केवल उन्हें बल्कि उनके परिवार को भी प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि वह आमतौर पर नकारात्मक मुद्दों पर चुप रहना पसंद करती हैं, लेकिन इस बार परिस्थितियां ऐसी थीं कि सच बोलना जरूरी हो गया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनके बारे में नहीं है, बल्कि उन सभी महिलाओं की आवाज है जो इस तरह के ऑनलाइन उत्पीड़न और चरित्र हनन का शिकार होती हैं। पायल ने ऐसे कंटेंट को अमानवीय और बेहद परेशान करने वाला बताया और लोगों से अपील की कि वे ऐसे वीडियो साझा न करें।
