BIDA news: बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल टाउनशिप के लिए 24 हजार एकड़ जमीन अधिग्रहित, 3500 करोड़ का मुआवजा
झांसी में बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIDA) को आकार देने के लिए जमीन अधिग्रहण का काम तेज गति से चल रहा है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी लक्ष्यों में से एक है, जिसका उद्देश्य झांसी के रक्सा और आसपास के क्षेत्रों में 56,662 एकड़ क्षेत्रफल में अत्याधुनिक औद्योगिक टाउनशिप विकसित करना है। यह टाउनशिप नोएडा की तर्ज पर विकसित की जा रही है, जिससे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
BIDA के लिए अब तक 24,500 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है। इस अधिग्रहण के एवज में 14,993 किसानों को 3,504 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है। फरवरी महीने में ही लगभग 300 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था, जो परियोजना की गति को दर्शाता है।
परियोजना के तहत, डगरवाहा क्षेत्र में 1,250 एकड़ क्षेत्रफल में एक्टिवेशन एरिया तैयार किया जा रहा है। इस क्षेत्र के लिए पब्लिक सेक्टर यूनिट्स सहित कई निवेशकों ने प्रस्ताव दिए हैं। BIDA के सीईओ संजय कुमार खत्री ने बताया कि जमीन अधिग्रहण का काम तेजी से जारी है और मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) फाइनल किए जा रहे हैं।
