अभाविप के विचार देश के विकास में मील का पत्थर: मुख्यमंत्री धामी
देहरादून में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के लिए प्रेरित किया। परेड ग्राउंड में आयोजित इस महासंगम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अभाविप के अधिवेशनों से निकलने वाले विचार और संकल्प देश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के समाजसेवी श्रीकृष्ण पांडेय को यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसमें अपने परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की अपार क्षमता है। मुख्यमंत्री ने अभाविप के अधिवेशन को राष्ट्रनिर्माण के पवित्र यज्ञ के प्रति समर्पित ऊर्जावान युवाओं का संगम बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि अभाविप की पाठशाला से ही उनमें संस्कार, संस्कृति और सेवाभाव का समावेश हुआ। उन्होंने परिषद की सराहना करते हुए कहा कि अभाविप ने राष्ट्रवादी, जागरूक और संस्कारित छात्रशक्ति तैयार कर सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और वैचारिक क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन लाने में अग्रणी भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, फिट इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति मानकर उन्हें असीम अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
अधिवेशन के दौरान शैक्षणिक संस्थानों को एक एकीकृत संरचना में लाने जैसे महत्वपूर्ण पांच प्रस्ताव भी पारित किए गए, जो भविष्य में शिक्षा क्षेत्र में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं। इस अवसर पर अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
