0

बीमा क्लेम देने से इनकार पड़ा महंगा, LIC को देना होगा ₹2 लाख का हर्जाना

By Nov 22, 2025

बीमा पॉलिसी को कालातीत (लैप्स) बताकर बीमित राशि का भुगतान न करने पर भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को अब भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। झांसी के उपभोक्ता फोरम ने LIC को आदेश दिया है कि वह एक ग्राहक को दो लाख रुपये की बीमा राशि और पांच हजार रुपये अतिरिक्त हर्जाना राशि का भुगतान करे। यह फैसला बीमा कंपनी द्वारा पॉलिसी को लैप्स बताकर भुगतान से इनकार करने के बाद आया है।

जानकारी के अनुसार, झोकनबाग निवासी रुचि नागपाल ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके पति अरुण नागपाल ने LIC की ‘चाइल्ड करियर प्लान’ ली थी, जिसकी बीमित राशि दो लाख रुपये थी। दिसंबर 2016 में किसी कारणवश प्रीमियम की राशि जमा नहीं हो सकी। इसके बाद, 3 फरवरी 2017 को अरुण नागपाल का निधन हो गया।

पति की मृत्यु के बाद, रुचि नागपाल ने बीमा कंपनी से संपर्क कर बकाया प्रीमियम जमा करते हुए पॉलिसी को चालू रखने और बीमित राशि के भुगतान की मांग की। हालांकि, LIC ने पॉलिसी को लैप्स घोषित करते हुए भुगतान करने से साफ इनकार कर दिया।

इस मामले में आयोग के अध्यक्ष अमरपाल सिंह, सदस्य ज्योतिप्रभा जैन और देबाशीष अग्निहोत्री की पीठ ने LIC के प्रबंधक को आदेश दिया कि वे दो माह के भीतर पीड़ित को दो लाख रुपये की बीमा राशि का भुगतान करें। इसके साथ ही, सात प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर से भुगतान की तारीख तक का ब्याज भी देना होगा। इसके अतिरिक्त, मानसिक पीड़ा और मुकदमेबाजी के खर्चों के एवज में पांच हजार रुपये का हर्जाना भी अलग से चुकाना होगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें