0

बीज जलाने पर उद्यान निरीक्षक निलंबित, प्रशासन ने तलब की रिपोर्ट

By Nov 18, 2025

रामपुर में उद्यान विभाग के कार्यालय में बीज जलाने के एक गंभीर प्रकरण में उद्यान निरीक्षक ब्रजमणी गहलौत को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई शासन स्तर से की गई है। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद उद्यान अधीक्षक द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में जांच के दौरान यह पाया गया कि जलाए गए बीज भिंडी जैसी सब्जियों के थे और नियमों का उल्लंघन करते हुए उन्हें आग के हवाले कर दिया गया था।

सूत्रों के अनुसार, यह मामला पिछले शुक्रवार का है जब वितरण के बाद बचा हुआ किसानों का कुछ बीज उद्यान विभाग के किला परिसर स्थित कार्यालय केंद्र पर ही रखा रहा था। पिछले दिनों कार्यालय की सफाई के दौरान इन बीजों को कूडे के ढेर पर डाल दिया गया था। बाद में, पौधशाला के समीप और मंच के पीछे इन बीजों को आग लगा दी गई।

जब इस घटना की भनक मीडिया कर्मियों को लगी और यह मामला प्रशासन के संज्ञान में आया, तो हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने इस मामले में रिपोर्ट तलब की। इसके बाद उद्यान अधीक्षक अजय कुमार ने शासन को रिपोर्ट भेजी।

रिपोर्ट में बताया गया कि शुक्रवार को राजकीय पौधशाला किला परिसर में कुछ बीज सामग्री जलाने की सूचना प्राप्त हुई थी। तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रारंभिक जांच की गई। जांच में दोषी पाए जाने पर उद्यान निरीक्षक वर्ग दो ब्रजमणी गहलौत व दो अन्य के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई और विस्तृत जांच के लिए प्रस्ताव प्रेषित किया गया था। इसी रिपोर्ट के आधार पर सोमवार को शासन स्तर से उद्यान निरीक्षक ब्रजमणी गहलौत को निलंबित किया गया।

मौके पर पाए गए बीज के कट्टों और पैकेट पर एनएचआरडीएफ लिखा था, कुछ पर प्याज का चित्र बना था और पैकिंग की तिथि 16 अगस्त 2023 व एक्सपायरी तिथि 18 मार्च 2024 अंकित थी। बारीक काले व अन्य तरह के बीज भिंडी आदि सब्जियों के पाए गए थे। प्रशासन द्वारा संज्ञान लेने के बाद ही विभाग हरकत में आया और उसने रिपोर्ट शासन को भेजी।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

रामपुर में कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर ट्रॉली ने रौंदा, चार साल के मासूम की मौत

रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगलिया आकिल गांव में मंगलवार की सुबह एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। गांव निवासी रईस अहमद का चार वर्षीय बेटा अब्दुल बारी उस समय सड़क पर अपने...
By Nov 18, 2025

साझा करें