बिहार चुनाव मतगणना: पटना में कल सभी स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश
बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर पटना में तैयारियां जोरों पर हैं। राजधानी के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने 14 नवंबर को होने वाली मतगणना के मद्देनजर जिले के सभी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। यह निर्णय यातायात प्रबंधन, लोक सुविधा और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
पटना के एएन कॉलेज में जिले के सभी 14 विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती शनिवार, 14 नवंबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया में मतों की गणना एक महत्वपूर्ण चरण है, जिसके लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
मतगणना के लिए एएन कॉलेज में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग हॉल बनाए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा के लिए 14 काउंटिंग टेबल निर्धारित किए गए हैं, साथ ही एक सहायक निर्वाची पदाधिकारी (एआरओ) टेबल भी होगा। पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए भी अलग से 48 टेबल लगाए गए हैं। इस प्रकार, कुल 244 काउंटिंग टेबल स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 196 ईवीएम काउंटिंग के लिए होंगे। प्रत्येक टेबल पर मतगणना पर्यवेक्षक और मतगणना सहायक मौजूद रहेंगे, जबकि ईसीआई द्वारा प्रतिनियुक्त मतगणना प्रेक्षक के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
मतगणना प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए, गुरुवार को मतगणना कर्मियों का द्वितीय रैंडमाइजेशन किया गया। यह प्रक्रिया समाहरणालय स्थित एनआईसी में प्रेक्षकों और जिला निर्वाचन पदाधिकारी की उपस्थिति में पूरी हुई। इस रैंडमाइजेशन में रिजर्व सहित कुल 920 मतगणना कर्मियों का चयन किया गया, जिनमें 286 मतगणना पर्यवेक्षक, 348 मतगणना सहायक और 286 मतगणना माइक्रो ऑब्जर्वर शामिल हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि मतदान की तरह मतगणना भी पूरी पारदर्शिता और शांति के साथ संपन्न हो।
पटना हाईकोर्ट का कड़ा रुख: अवैध हिरासत में रखे गए बंदी को 2 लाख मुआवजे का आदेश
फुलवारी विधानसभा: आरक्षित सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला, कौन बनेगा विधायक?
फुलवारी विधानसभा परिणाम: पटना की आरक्षित सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला, किसकी होगी जीत?
मसौढ़ी विधानसभा चुनाव परिणाम: क्या RJD की रेखा देवी फिर जीतेंगी?
बिहार चुनाव 2025: नतीजों का इंतजार, सियासी दफ्तरों में थम गई चुनावी हलचल
