‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ विवाद: समीर वानखेड़े की याचिका पर हाई कोर्ट का फैसला सुरक्षित, जल्द आएगा निर्णय
दिल्ली हाई कोर्ट ने नेटफ्लिक्स सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े के चित्रण के खिलाफ उनकी याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है। वानखेड़े ने सीरीज में अपने चित्रण को मानहानिकारक बताते हुए इस पर अंतरिम रोक लगाने की मांग की थी।
न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव की पीठ ने समीर वानखेड़े, रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नेटफ्लिक्स की तरफ से पेश हुए वकीलों की विस्तृत दलीलों को सुना। वानखेड़े के वकील ने तर्क दिया कि सीरीज में उनके मुवक्किल को गलत तरीके से पेश किया गया है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
वहीं, नेटफ्लिक्स और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के वकीलों ने याचिका का विरोध किया। उन्होंने दलील दी कि यह मामला दिल्ली हाई कोर्ट के क्षेत्राधिकार में नहीं आता, बल्कि बॉम्बे हाई कोर्ट के क्षेत्राधिकार में आता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह डेढ़ मिनट का सटायर सीन है और वानखेड़े को इस पर ‘ओवरसेंसिटिव’ नहीं होना चाहिए।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। यह निर्णय जल्द ही सुनाया जाएगा, जिससे यह तय होगा कि क्या नेटफ्लिक्स सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ पर अंतरिम रोक लगाई जाएगी या नहीं।
