बारात में जा रहे युवक को ट्रैक्टर ने कुचला, जीजा की मौत से शादी वाले घर में पसरा मातम
इटावा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां साले के बेटे की बारात में शामिल होने जा रहे एक युवक की ट्रैक्टर की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया है।
जानकारी के अनुसार, जसवंतनगर के राजपुर निवासी 32 वर्षीय नीरज प्रजापति गुजरात के गांधीधाम में फास्ट फूड का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। करीब 20 दिन पहले ही वह अपने गांव लौटे थे। उनके साले मलखान सिंह प्रजापति के बेटे सौरव की बारात मंगलवार को भरथना जा रही थी। नीरज भी नगला मान सिंह समथर बारात में शामिल होने के लिए अपनी बाइक से निकले थे।
सूत्रों के अनुसार, शाम के समय जब नीरज ऊसराहार समथर बंबा के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नीरज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे को देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत उनके ससुराल पक्ष को सूचित किया।
घायल नीरज को निजी वाहन से आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजन जब रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे तो वहां चीख-पुकार मच गई। मृतक के साले अनुज ने बताया कि ट्रैक्टर एक नाबालिग चला रहा था, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
जिस घर में शादी की शहनाई बजने वाली थी, वहां अचानक इस मौत की खबर से मातम पसर गया। नीरज की पत्नी प्रियंका देवी और उनके दो छोटे बेटे गौरव व कार्तिक का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार इस दुखद घटना से पूरी तरह टूट गया है।
