आगरा में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास: ‘भोले बाबा’ छोले भटूरे पर भ्रामक वीडियो प्रसारित, 10 पर FIR दर्ज
आगरा के छत्ता थाना क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह वीडियो ‘भोले बाबा’ छोले-भटूरे की दुकान से जुड़ा है, जिसे गलत तरीके से एक विशेष समुदाय से जोड़कर पेश किया गया।
पुलिस के संज्ञान में आने के बाद वीडियो की जांच की गई। पता चला कि वीडियो में दिखाई गई दुकान का असली नाम ‘बाबा छोले-भटूरे’ है और इसके मालिक विजय शुक्ला हैं। विजय शुक्ला ने पुलिस को बताया कि आरिफ नाम का युवक उनकी दुकान पर पिछले 15 सालों से काम कर रहा है। यह वीडियो कई महीने पुराना है और तब बनाया गया था जब कालिंदी विहार निवासी सचिन नामक युवक का छोले-भटूरे खाने के बाद भुगतान को लेकर विवाद हुआ था। उसी विवाद के दौरान सचिन ने यह वीडियो बनाया था, जिसे अब भ्रामक तरीके से प्रसारित किया जा रहा है।
इस भ्रामक वीडियो के प्रसारण से शहर में सांप्रदायिक तनाव फैलने की आशंका थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वीडियो प्रसारित करने वाले अंकुर अग्रवाल, मदन मोहन सोनी, शिवम दीक्षित, सचिन गुप्ता, गोल्डी श्रीवास्तव और सचिन समेत अन्य के खिलाफ सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है ताकि इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर कार्रवाई हो।
