वायु प्रदूषण: कोयला भट्ठी जलाने वाले दो होटलों पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, लगा जुर्माना
शहर में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर और राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT) व ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के नियमों की अनदेखी को लेकर नगर निगम प्रशासन ने अब होटलों और रेस्टोरेंट के रूफटॉप आयोजनों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। नगर निगम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि रूफटॉप पार्टियों के दौरान बड़े पैमाने पर कोयला भट्ठियां और तंदूर जलाए जा रहे हैं, जो पर्यावरण नियमों का खुला उल्लंघन है।
इसी क्रम में, नगर निगम की टीमों ने संजय प्लेस स्थित पीएल पैलेस और होटल सिटी इन पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान होटल सिटी इन के रूफटॉप पर कोयले की भट्ठी जलती हुई पाई गई। नियमों के उल्लंघन पर होटल प्रबंधन पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। जब होटल प्रबंधन ने तत्काल पूरा जुर्माना अदा नहीं किया, तो निगम टीम ने मौके से कोयला भट्ठी को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई जोनल सेनेटरी ऑफिसर (ZSO) जितेंद्र सिंह और सेनेटरी फूड इंस्पेक्टर (SFI) संजीव यादव के नेतृत्व में की गई। टीम ने होटल प्रबंधन को भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर सख्त चेतावनी भी दी।
इसके अलावा, फतेहाबाद रोड स्थित होटल अनप्लग्ड कोर्टयार्ड में भी निरीक्षण के दौरान कोयले की भट्ठी संचालित पाई गई। इस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व ZSO ताजगंज महेंद्र सिंह और SFI योगेंद्र कुशवाहा ने किया। इस तरह की कार्रवाई से शहर में वायु गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
