अलीगढ़ से SP City Muzaffarnagar ट्रांसफर हुए अमृत जैन, UP Police transfer
अलीगढ़ में एसपी देहात के पद पर तैनात रहे आईपीएस अधिकारी अमृत जैन का तबादला हो गया है। उन्हें मुजफ्फरनगर में एसपी सिटी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर अलीगढ़ पुलिस लाइन में उनके लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों की सराहना की।
अमृत जैन 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें 19 दिसंबर 2023 को अलीगढ़ में तैनाती मिली थी, जिसके बाद 9 सितंबर 2024 को उन्होंने एसपी ग्रामीण का पदभार संभाला। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण और जनसंपर्क को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में आयोजित विदाई समारोह में एसएसपी नीरज जादौन ने अमृत जैन को स्मृति चिह्न भेंट किया। उन्होंने अमृत जैन के नेतृत्व क्षमता और कार्यशैली की प्रशंसा की। अन्य अधिकारियों ने भी उनके साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
