अलीगढ़: दानिश हत्या का खुलासा, मुनीर गैंग के शूटर भाईयों ने रची थी साजिश, एक गिरफ्तार
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) परिसर में 24 दिसंबर को हुई शिक्षक दानिश की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधी रहे मुनीर गैंग के करीबी हिस्ट्रीशीटर जुबैर ने अपने शूटर भाईयों से अंजाम दिलवाया था। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी सलमान को गिरफ्तार किया है, जो शूटरों को पनाह देने और उन्हें बॉर्डर पार कराने में मदद कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, जुबैर को शक था कि शिक्षक दानिश ने 2018 के शाहबेज हत्याकांड में मुखबिरी की थी, जिसके चलते उसने इस हत्या की साजिश रची। हालांकि, जुबैर खुद वारदात के समय मौके पर मौजूद नहीं था, लेकिन उसके भाईयों ने गोलियां चलाई थीं। गिरफ्तार आरोपी सलमान ने पूछताछ में बताया कि उसने हत्या में शामिल फहाद और यासिर को अपने घर में ठहराया था और घटना के बाद उन्हें भागने में भी मदद की।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी और कार भी बरामद कर ली है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। दानिश राव एएमयू के एबीके ब्याज हाईस्कूल में कंप्यूटर शिक्षक थे। उनकी हत्या ने विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मचा दिया था। मृतक दानिश के ससुर पूर्व विधायक और चचिया ससुर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं।
