CSJM विश्वविद्यालय में सिख इतिहास डिप्लोमा में दुबई और कनाडा के छात्रों का प्रवेश, जानें खास बातें
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), कानपुर में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब रिसर्च चेयर द्वारा संचालित दो वर्षीय डिप्लोमा इन सिख गुरु इतिहास एवं शहादत में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। यह चार सेमेस्टर का पाठ्यक्रम मात्र 2000 रुपये की फीस में उपलब्ध है। इस कोर्स का मुख्य उद्देश्य सिख धर्म के उद्भव, विकास, दस गुरुओं के जीवन और उपदेशों का गहन अध्ययन कराना है। साथ ही, श्री गुरु ग्रंथ साहिब में निहित मानवीय मूल्यों, धार्मिक स्वतंत्रता, सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे, महिला सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और शहादत की महान परंपरा को अकादमिक स्तर पर बढ़ावा देना है।
इस विशेष पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वालों में प्रो. (डॉ.) रणमीत कौर भल्ला, चार्टर्ड अकाउंटेंट जयपाल सिंह भट्टी, डॉ. पवन जसनीत चावला, कंपनी सेक्रेटरी नैनप्रीत कौर भाटिया, गुरुद्वारा रतनलाल नगर के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, सुखविन्दर सिंह और महिला उद्यमी रीतु अरोड़ा शामिल हैं।
खास बात यह है कि दुबई से मुक्त और जैस्मिन सलूजा, तथा कनाडा से इशप्रीत सिंह जैसे अंतर्राष्ट्रीय छात्रों ने भी इस डिप्लोमा में प्रवेश लिया है। विश्वविद्यालय के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है जो सिख इतिहास की वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाती है। प्रथम प्रवेश लेने वाली प्रो. (डॉ.) रणमीत कौर भल्ला का श्री गुरु सिंह सभा के प्रतिनिधिमंडल द्वारा गुरु का सिरोपा भेंट कर अभिनंदन किया गया।
