कानपुर में अडानी ग्रुप बना रहा दो बड़े गेहूं भंडारण केंद्र, कृषि लॉजिस्टिक्स को मिलेगी मजबूती
कानपुर और कानपुर देहात में गेहूं के सुरक्षित भंडारण को नई मजबूती मिलने जा रही है। अडानी ग्रुप की अडानी एग्री लॉजिस्टिक लिमिटेड शहर के चंदारी और मैथा क्षेत्र में दो अत्याधुनिक गेहूं भंडारण केंद्र (साइलो) का निर्माण करा रही है। करीब 112 करोड़ रुपये की लागत से बन रही दोनों परियोजनाओं के वर्ष के अंत तक पूरा होने के आसार हैं। इनके शुरू होने के बाद कुल 1.50 लाख मीट्रिक टन गेहूं का बेहतर तरीके से भंडारण किया जा सकेगा। तापमान और नमी नियंत्रित रखने वाली आधुनिक तकनीक के कारण गेहूं लंबे समय तक सुरक्षित रहेगा, जिससे एफसीआई की खरीद, भंडारण और आपूर्ति व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी।
यह परियोजनाएं क्षेत्र में कृषि लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक निवेश को नई गति देंगी। आधुनिक साइलो में तापमान और नमी को नियंत्रित रखने वाली तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे गेहूं की गुणवत्ता दो से तीन वर्ष तक सुरक्षित बनी रहेगी। खुले गोदामों की तुलना में इस व्यवस्था में खराब होने, नमी लगने और कीटों से नुकसान की आशंका भी काफी कम रहेगी।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि दोनों परियोजनाओं के इसी साल शुरू होने की उम्मीद है। यह निवेश न केवल भंडारण क्षमता बढ़ाएगा, बल्कि जिले के औद्योगिक माहौल को भी मजबूती देगा। इससे किसानों, व्यापारियों और खाद्यान्न कारोबार से जुड़े लोगों को भी बेहतर और आधुनिक भंडारण सुविधा मिलेगी, जिससे भंडारण संबंधी चिंता कम होगी। एफसीआई को भी गेहूं की खरीद, सुरक्षित रखरखाव और जरूरत के अनुसार आपूर्ति करने में आसानी होगी।
