लखनऊ के डीएवी कॉलेज में ‘अभिव्यक्ति 2026’ का आगाज, 18 कॉलेजों के छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
लखनऊ के डीएवी डिग्री कॉलेज में वार्षिक उत्सव ‘अभिव्यक्ति 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम में शहर के 18 से अधिक कॉलेजों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. अशोक बाजपेयी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने इस दौरान कॉलेज के पूर्व प्रबंधक स्व. पंडित मनमोहन तिवारी के साथ अपने पुराने संबंधों को याद किया।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव कुमार त्रिपाठी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस उत्सव में छात्रों के लिए कई रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। डॉक्यूमेंट्री मेकिंग प्रतियोगिता में भारत के मशहूर स्थानों, त्योहारों, व्यंजनों और नृत्यों पर आधारित छह प्रविष्टियां आईं। इसमें लखनऊ विश्वविद्यालय, केकेसी, क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज और डीएवी कॉलेज सहित कई संस्थानों के छात्रों ने भाग लिया।
इसके अलावा, स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता में 18 प्रतिभागियों ने अपनी मौलिक कविताओं के माध्यम से सामाजिक और भावनात्मक विषयों को प्रस्तुत किया। पठन-पाठन में एआई की भूमिका विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में 17 कॉलेजों के प्रतिभागियों ने तार्किक पक्ष रखा। प्रकृति के रंग पर आधारित मेहंदी प्रतियोगिता में 16 प्रतिभागियों ने भाग लिया और आकर्षक डिजाइन बनाए। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. सुधीर कुमार शुक्ला ने बताया कि सभी प्रतियोगिताओं के परिणाम 12 मार्च को वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन घोषित किए जाएंगे और विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
