गुरुग्राम से पन्ना जा रही बस में लगी भीषण आग, 45 यात्री बाल-बाल बचे
हरियाणा के गुरुग्राम से मध्य प्रदेश के पन्ना की ओर जा रही एक वीडियो कोच बस में सोमवार देर रात ग्वालियर के रायरू थाना क्षेत्र में आग लगने से हड़कंप मच गया। बस में सवार 45 यात्रियों की जान बाल-बाल बची। घटना सोमवार रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है, जब बस यूपी 93 सीटी 6747 नंबर की बस ग्वालियर के रायरू स्थित हाईवे से गुजर रही थी।
सूत्रों के अनुसार, बस के चालक ने अचानक टायर से चिंगारी निकलते देखी। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और परिचालक के साथ मिलकर यात्रियों को तुरंत बस से बाहर निकालना शुरू किया। कुछ ही देर में बस में आग की लपटें तेजी से फैल गईं और देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई। यात्रियों के चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई देने लगीं।
गनीमत रही कि चालक और परिचालक की त्वरित कार्रवाई से बस में सवार सभी 45 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
इस घटना ने एक बार फिर बसों में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। टायर से चिंगारी निकलना और फिर इतनी जल्दी आग फैल जाना, दर्शाता है कि वाहनों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। गनीमत है कि इस बार किसी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने होंगे।
