मंत्री बनने के बाद पहली बार दरभंगा पहुंचे मदन सहनी, जनता की चिंता अब मेरी जिम्मेदारी
समाज कल्याण मंत्री बनने के बाद पहली बार दरभंगा पहुंचे मदन सहनी का कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। मंत्री सहनी ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर चौथी बार भरोसा कर मंत्री का दायित्व सौंपा है, और अब वे अपने विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे बिहार की जनता की हर चिंता को अपनी जिम्मेदारी समझेंगे।
मंत्री सहनी ने इस सम्मान को जदयू के हर उस कार्यकर्ता को समर्पित किया, जिन्होंने पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उनकी सरकार प्रदेश के विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित है और बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
दरभंगा जिले में मंत्री सहनी के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। सिमरी चौक, टेउयां चौक, शिव दासपुर चौक, रजवान चौक (डीहरामपुर), पंचोभ चौक, हरी चंदा चौक, केलवा गाछी चौक, तारालाही चौक, ओझौल, एकमी चौक, सैदनगर, हजमा चौराहा, टावर चौक तथा परिसदन जैसे प्रमुख स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, पुष्प वर्षा और नारों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान एनडीए समर्थकों ने आतिशबाजी और ढोल नगाड़ा बजाकर अपनी खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर सांसद डा. गोपालजी ठाकुर और डा. अशोक यादव ने भी मंत्री सहनी को बधाई दी। एकमी चौक पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रों आदित्य नारायण मन्ना के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी मंत्री का अभिनंदन किया। स्वागत समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, प्रखंड प्रमुख रुबी देवी, मत्स्यजीवी सहयोग समिति के प्रखंड अध्यक्ष धर्मेन्द्र सहनी, सरपंच संघ अध्यक्ष रमेश सहनी, जदयू जिला महासचिव अफरोज हसन जम्मो सहित कई गणमान्य व्यक्ति और हजारों समर्थक मौजूद रहे। मंत्री ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह स्नेह और विश्वास उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है।
