जन्मदिन के जश्न की तैयारी, दोस्तों संग निकला छात्र, ट्रेन से गिरकर मौत
समस्तीपुर जिले के बहादुरपुर निवासी अभय कुमार (18) की दरभंगा में ट्रेन से गिरकर दुखद मौत हो गई। अभय अपने दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाने के लिए दरभंगा आ रहा था, लेकिन मंजिल तक पहुँचने से पहले ही एक चलती ट्रेन से गिरने के कारण उसकी जान चली गई। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
सूत्रों के अनुसार, अभय घर से यह कहकर निकला था कि वह दोस्तों के साथ डोमिनोज में खाना खाने जा रहा है और जल्द लौट आएगा। उसके दोस्तों ने उसके जन्मदिन के मौके पर पार्टी की मांग की थी। उसकी मां कविता देवी ने बताया कि अभय ने फोन पर चार बार बात की और हर बार उसने कहा कि वह आ रहा है। लेकिन पांचवीं बार फोन किसी और ने उठाया और अभय के ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची बेंता थाना पुलिस ने अभय को तत्काल डीएमसीएच में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मेडोना स्कूल के पास रेलवे पटरी पर हुई इस घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभय के पिता संजय कुमार राय समस्तीपुर में रेलवे बुकिंग काउंटर पर कार्यरत हैं। अभय दो भाइयों में बड़ा था और उसकी एक बहन भी है। जिस दिन उसके घर में केक कटना था, उसी दिन मौत की खबर आ गई। अभय के साथ आए दोस्त घटना के बाद फरार बताए जा रहे हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि अभय बहुत शांत स्वभाव का था और किसी से लड़ाई-झगड़ा नहीं करता था। वह 10वीं कक्षा का छात्र था।
