स्मृति मंधाना की शादी टली: पिता की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रमुख खिलाड़ी स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत अचानक खराब होने के कारण उनकी शादी को फिलहाल टाल दिया गया है। रविवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें सांगली के सर्वहित हॉस्पिटल और मेडिकल रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने बताया है कि श्रीनिवास मंधाना को हार्ट अटैक के लक्षण थे और वह फिलहाल गहन निगरानी में हैं।
सूत्रों के अनुसार, श्रीनिवास मंधाना को सुबह सीने के बाईं ओर तेज दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के निदेशक डॉ. नमन शाह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इको (इकोकार्डियोग्राम) में कोई गंभीर परेशानी नहीं दिखी है, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है। जरूरत पड़ने पर एंजियोग्राफी भी की जा सकती है। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रोहन थानेदार उनकी सेहत पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
डॉक्टरों का मानना है कि इस तरह की स्वास्थ्य समस्याएं अक्सर शारीरिक और मानसिक तनाव के कारण हो जाती हैं। शादी जैसे बड़े आयोजन के दौरान होने वाली भागदौड़ और तनाव का असर भी सेहत पर पड़ सकता है। इसी कारण मंधाना की शादी, जो पलाश मुच्छाल के साथ होनी थी, उसे अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इस खबर से खेल जगत और उनके प्रशंसकों में चिंता का माहौल है, जो स्मृति मंधाना के पिता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
