उत्तराखंड में औद्योगिक विकास को पंख, सीएम धामी बोले – सरकार आधारभूत संरचना देने को गंभीर
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने और उन्हें मजबूत आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने के प्रति राज्य सरकार अत्यंत गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्रों के विकास, निवेश आकर्षित करने और उद्यमियों को सुरक्षित एवं सहयोगी वातावरण प्रदान करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री शनिवार को अपने आवास पर सिडकुल इंटरप्रेन्योर वेलफेयर सोसायटी, पंतनगर के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर रहे थे। इस दौरान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में बेहतर औद्योगिक माहौल और राज्य की रजत जयंती के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उद्योगों के लिए अनुकूल नीतियां लागू की गई हैं, जिनसे प्रदेश में निवेश के नए अवसर बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि किच्छा खुरपिया पार्क का विकास और अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक गलियारे की प्रगति उधमसिंह नगर को औद्योगिक रूप से नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। इसके अलावा, किच्छा खुरपिया फार्म में औद्योगिक स्मार्ट सिटी और सेटेलाइट एम्स के विकास को भी गति दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि औद्योगिक तरक्की में कानून व्यवस्था आड़े नहीं आएगी। उन्होंने जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उद्यमियों को किसी भी स्तर पर परेशान न किया जाए। राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टालरेंस की नीति लागू है और कानून व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि कई बड़े औद्योगिक संस्थान उत्तराखंड में निवेश करने की इच्छा जता रहे हैं, और सरकार उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि किसी भी कार्यक्रम में गुलदस्ता भेंट करने के बजाय पुस्तक भेंट करने की परंपरा को बढ़ावा दें।
पंतनगर में 700 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके लिए 900 एकड़ भूमि अधिग्रहित कर ली गई है। खुरपिया में 1000 एकड़ में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी की स्थापना से अरबों रुपये का निवेश आने और लाखों रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
इस मुलाकात के दौरान सोसायटी के अध्यक्ष श्रीधर सिन्हा, संरक्षक अजय तिवारी, महामंत्री गौरव हरीश, विनीत शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
