कुशेश्वरस्थान में पिकअप वैन ने ली दो युवकों की जान, गांव में छाया मातम
दरभंगा के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे 56 पर एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे, बेर पंचायत के कुमारी गांव निवासी भरत राम (25) और टुनटुन राम (25) की उस समय मौत हो गई जब वे बिरौल के सुपौल बाजार से अपनी बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपने घर से करीब एक किलोमीटर पहले बेर चौक पर पहुंचे थे। इसी दौरान बालू डिपो के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सत्तीघाट पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद भरत राम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल टुनटुन राम की नाजुक हालत को देखते हुए उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। हालांकि, डीएमसीएच पहुंचते ही उसने भी दम तोड़ दिया।
सूत्रों के अनुसार, मृत दोनों युवक विवाहित थे और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। टुनटुन राम को एक दो साल की बेटी है, जबकि भरत राम के घर एक साल का बेटा है। इस हादसे ने दोनों परिवारों के सिर से कमाई का सहारा छीन लिया है।
घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंचे। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप वैन का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने जनहित को पहली प्राथमिकता बताया, योजनाओं के क्रियान्वयन का भरोसा
मिथिला विश्वविद्यालय में दीक्षा समारोह: छात्रों का जोरदार प्रदर्शन, गिरफ्तारी
मिथिला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 1200 छात्रों को मिली उपाधियां, 26 गोल्ड मेडल और 80 पीएचडी से किया सम्मानित
विज्ञान पर आध्यात्म का नियंत्रण: विश्व रक्षा हेतु आवश्यक
ड्यूटी में लापरवाही: दरभंगा के बहेड़ा थाना के दो दारोगा निलंबित
