0

CGPSC राज्य सेवा परीक्षा 2024: देवेश प्रसाद साहू टॉपर, आयोग ने जारी की समेकित मेरिट सूची

By Nov 20, 2025

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2024 के साक्षात्कार संपन्न होने के साथ ही परीक्षा में शामिल हुए 643 अभ्यर्थियों की समेकित मेरिट सूची जारी कर दी है। यह सूची लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त कुल अंकों के आधार पर तैयार की गई है। इस सूची में देवेश प्रसाद साहू 773.5 अंकों के साथ प्रदेश में अव्वल रहे हैं।

मेरिट सूची में दूसरे स्थान पर स्वप्निल वर्मा ने 769.5 अंक हासिल किए हैं, जबकि यशवंत कुमार देवांगन 769.0 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज हुए हैं। आयोग ने इस सूची के संबंध में एक महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण जारी करते हुए बताया है कि यह ‘चयन सूची’ नहीं है, बल्कि केवल मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के अंकों के आधार पर तैयार की गई एक क्रमबद्ध मेरिट सूची है।

सूत्रों के अनुसार, अभ्यर्थियों द्वारा भरे गए अग्रमान्यता पत्रक (preference form) और इस मेरिट क्रम के आधार पर अब पदों के आबंटन की कार्यवाही की जाएगी। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही अंतिम ‘चयन सूची’ अलग से जारी की जाएगी। राज्य सेवा परीक्षा 2024 के माध्यम से कुल 17 सेवाओं के अंतर्गत 246 पदों पर भर्ती की जानी है।

मुख्य परीक्षा के परिणाम के आधार पर चयनित 643 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 10 नवंबर से 20 नवंबर तक आयोजित किए गए थे। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अनारक्षित पदों के लिए चयन प्रक्रिया में केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा, जिन्होंने मुख्य परीक्षा के प्रत्येक प्रश्न पत्र में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। विस्तृत समेकित मेरिट सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर उपलब्ध है, जहां अभ्यर्थी अपने परिणाम देख सकते हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें