लखनऊ की तहज़ीब सिखाएगी पुलिस, स्काउट-गाइड जम्बूरी की सुरक्षा और आतिथ्य के लिए खास ट्रेनिंग
भारत स्काउट व गाइड की 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी के भव्य आयोजन के मद्देनजर लखनऊ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य न केवल प्रतिभागियों और आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, बल्कि उन्हें लखनऊ की खास तहज़ीब और मेहमाननवाजी का अनुभव कराना भी है। इसी के मद्देनज़र, पुलिस बल को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे राजधानी की पहचान – नफासत, विनम्रता और उत्कृष्ट संवाद – को बनाए रख सकें।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) कानून एवं व्यवस्था के अनुसार, जम्बूरी परिसर में एक अत्याधुनिक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसमें 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की 24 घंटे निगरानी के लिए एक समर्पित टीम तैनात है। इसके अतिरिक्त, नियंत्रण कक्ष में एक विशेष रेडियो कंट्रोल यूनिट भी स्थापित की गई है, जो सभी चौकियों और फील्ड इकाइयों के साथ त्वरित समन्वय स्थापित करने में सहायक होगी।
आगंतुकों की सुरक्षा के लिए, चार फायर स्टेशन स्थापित किए गए हैं और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता के लिए दो विशेष पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) गश्त पर रहेंगे। पुलिसकर्मियों के लिए आयोजित कार्यशालाओं में वर्दी और ग्रूमिंग मानकों, प्रभावी बॉडी लैंग्वेज, रेपो-बिल्डिंग तकनीकों, बच्चों के साथ व्यवहार और संचार कौशल जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर जोर दिया गया है।
इस आयोजन की सुरक्षा कमान एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों के हाथों में होगी। जम्बूरी परिसर में एक अस्थायी पुलिस थाना और 10 अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं, जिनमें दो विशेष महिला चौकियां भी शामिल हैं। इन चौकियों पर 300 से अधिक पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी पर रहेंगे। पूरे आयोजन क्षेत्र में कुल एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, और सुरक्षा व्यवस्था की सीधी निगरानी एसपी स्तर के अधिकारी करेंगे। यातायात प्रबंधन के लिए 200 से अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि सुचारू आवागमन बना रहे।
