वृंदावन और यमुना पार सफाई व्यवस्था अनुबंध का विरोध, कर्मचारी हड़ताल की चेतावनी
वृंदावन और यमुना पार क्षेत्र की सफाई व्यवस्था से जुड़े अनुबंध को लेकर स्थानीय सफाई कर्मचारियों ने कड़ा विरोध जताया है। उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर एकता मंच (वृंदावन जोन) की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर अध्यक्ष छोटू चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें इस जोन के सभी सफाई कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि वृंदावन जोन के 11 वार्डों और यमुनापार क्षेत्र के पांच वार्डों में कार्यरत 663 सफाई कर्मचारियों के साथ किसी भी कीमत पर नया अनुबंध स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि नगर निगम के अधिकारियों ने इस अनुबंध को लागू करने का प्रयास किया, तो वे काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। मंच के नगर अध्यक्ष छोटू चौहान ने बताया कि वृंदावन जोन के सफाई कर्मचारियों के साथ गत 27 अक्टूबर को लक्ष्मण शहीद स्मारक, वृंदावन जॉन में हुई वार्ता के दौरान तय किए गए बिंदुओं का अभी तक क्रियान्वयन नहीं किया गया है। इस देरी और उपेक्षा के कारण सफाई कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
महापौर और नगर आयुक्त को लिखे एक पत्र में, कर्मचारियों ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा है कि यदि सफाई व्यवस्था की यथास्थिति को बनाए नहीं रखा गया और उनकी मांगों पर तत्काल ध्यान नहीं दिया गया, तो वे मजबूर होकर 72 घंटे के भीतर समस्त कर्मचारियों सहित एक बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। यह विरोध प्रदर्शन स्थानीय प्रशासन पर दबाव बनाने और अपनी लंबित मांगों को पूरा करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
