बरेली: तेज रफ्तार कार पुल से बहगुल नदी में गिरी, एक युवक की दर्दनाक मौत, चार घायल
बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में तेज रफ्तार कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए 20 फीट नीचे बहगुल नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार चला रहे एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शीशगढ़ के मानपुर गांव के पास बहगुल नदी के नए पुल पर हुई, जहां अनियंत्रित कार ने कहर बरपाया।
जानकारी के अनुसार, शीशगढ़ के सराय गांव निवासी आदिल, कासिम, फरमान, सलमान और गुड्डू दिल्ली में नारियल पानी बेचने का काम करते थे। कुछ समय पहले ही वे पैसे जोड़कर गांव लौटे थे और लगभग 10 दिन पहले ही उन्होंने घूमने के लिए वर्ष 2011 मॉडल की एक पुरानी स्विफ्ट डिजायर कार खरीदी थी। स्वजनों के अनुसार, उनमें से कोई भी कार चलाने में पूरी तरह अभ्यस्त नहीं था।
शुक्रवार को ये पांचों दोस्त जूते खरीदने के लिए पड़ोस के मानपुर गांव की दुकान पर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने घूमने का भी कार्यक्रम बनाया। आदिल कार चला रहे थे और बाकी दोस्त उसमें बैठे थे। गांव से करीब छह किलोमीटर आगे बहगुल नदी के नए पुल पर पहुंचते ही आदिल ने कार की गति बढ़ा दी, जिसके कारण वे नियंत्रण खो बैठे।
खेतों में काम कर रहे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार पुल पर लगभग दो सौ मीटर ही चल पाई थी कि अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। नदी में पानी कम होने के कारण कार तेज धमाके के साथ पत्थरों पर टकराई। हादसा देख आसपास घास काट रहे लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्होंने क्षतिग्रस्त कार के अंदर से पांचों युवकों को बमुश्किल बाहर निकाला। इसी बीच कुछ लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां कुछ देर उपचार के बाद आदिल ने दम तोड़ दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आदिल कार चलाना जानते थे, लेकिन शायद वे पूरी तरह अभ्यस्त नहीं थे और नए पुल पर गति बढ़ाने के कारण उन्होंने नियंत्रण खो दिया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आदिल के पास ड्राइविंग लाइसेंस था या नहीं, क्योंकि उनके स्वजनों को इसकी जानकारी नहीं है। नदी में तीन-चार फीट पानी होने के कारण कार डूबी नहीं, लेकिन पत्थरों से टकराने के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। घायल युवकों का उपचार जारी है।
