बटेश्वर मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, उमड़ेगी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ | agra news
आगरा के प्रसिद्ध बटेश्वर मेले को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। आगामी 11 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन और 24 नवंबर को होने वाले मुख्य कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के कड़े इंतजाम किए हैं। मेले में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों को समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
यमुना घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए घाटों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोर तैनात रहेंगे। इसके अलावा नदी में बैरिकेडिंग, लाल झंडे, गहरे पानी के संकेतक और अस्थाई वाच टावर बनाए जा रहे हैं। फ्लड पीएसी के स्टीमर लगातार पानी की निगरानी करेंगे। महिलाओं की सुविधा के लिए गौरी घाट सहित अन्य स्थानों पर चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। समूचे मेला परिसर और घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस चौकियों के साथ सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस ने विशेष रूट प्लान तैयार किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के वास्ते परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी और खांद चौराहे के पास एक अस्थाई बस स्टैंड बनाया गया है। बिजली विभाग द्वारा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर और ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अस्थाई चिकित्सालय के साथ-साथ एंबुलेंस, जीवन रक्षक दवाएं और एंटी स्नेक वीनम की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। मेले में उमड़ने वाली भीड़ को बेहतर सुविधाएं मिलने से श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
