दिल्ली पुलिस की महिला कांस्टेबलों को शादी का झांसा देकर ठगने वाला गिरफ्तार | delhi crime news
दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनने वाली महिला कांस्टेबल भी एक शातिर ठग के जाल से नहीं बच पाईं। शादी का झांसा देकर महिला कांस्टेबलों से लाखों रुपये की ठगी करने के गंभीर मामले में दिल्ली पुलिस ने 23 वर्षीय विक्रांत तोमर को बुराड़ी से दबोचा है। मुख्य रूप से आरोपी पर करोल बाग थाने में तैनात एक महिला कांस्टेबल से 24 लाख रुपये ऐंठने का आरोप है, जिसके बाद यह पूरा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी इंस्टाग्राम पर महंगी गाड़ियों और लग्जरी लाइफस्टाइल के वीडियो अपलोड कर खुद को एक रईस कारोबारी के रूप में पेश करता था। महिलाओं को प्रभावित करने के लिए वह किराए पर महंगी कारें लेता था और अलग-अलग महिला कांस्टेबलों को उन्हीं गाड़ियों में घुमाता था। हैरान करने वाली बात यह है कि वह कई बार पीड़ितों से ही कार का किराया और घूमने का खर्च वसूल लेता था।
इस शातिर ठग का नेटवर्क काफी फैला हुआ था। पुलिसिया जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी की अपनी लिव-इन पार्टनर भी दिल्ली पुलिस में ही महिला कांस्टेबल है। आरोप है कि वह अपनी पार्टनर की मदद से उसके बैच की अन्य महिला कांस्टेबलों की जानकारी जुटाता और उन्हें अपना शिकार बनाता था। अब तक करीब 20 महिला कांस्टेबलों के उसके जाल में फंसने की बात सामने आई है, हालांकि डर और संकोच के चलते कई पीड़िताओं ने अभी तक औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
ठगी की इस रकम को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी द्वारा ऑनलाइन बेटिंग ऐप के खातों का इस्तेमाल किए जाने का भी संदेह है। विक्रांत के खिलाफ राजधानी के अलग-अलग थानों में पहले से ही ठगी के पांच मुकदमे दर्ज हैं। वह इसी साल जून के महीने में ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। फिलहाल मध्य जिला साइबर सेल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि इस ठगी के खेल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
